अब घर बैठे 139 पर कैंसिल करवाएं काउंटर से लिया कंफर्म और RAC टिकट
सिद्धार्थ तिवारी [Edited By: केशव कुमार] | 25 May, 2016
ट्रेन का चार्ट बनने वाला है और आपके सफर करने की योजना कैंसिल हो गई है, तो परेशान मत होइए. 139 पर फोन कर अब आप अपना कंफर्म या आरएएसी काउंटर टिकट भी कैंसिल करवा सकेंगे. इस सुविधा की शुरुआत बुधवार से रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने कर दी है. अभी सिर्फ वेटिंग काउंटर टिकट वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा थी.
नई सुविधा से बचेगा यात्रियों का पैसा
इस सुविधा के होने से पहले कई यात्रियों का पैसा बर्बाद हो जाता था. क्योंकि अंतिम क्षण में उनकी जाने की योजना कैंसिल होती थी. वहीं समय के अभाव की वजह से वह काउंटर पर पहुंच कर टिकट कैंसिल नहीं करवा पाते थे. चार्ट बन जाने के बाद उन्हें रिफंड नहीं मिलता था.
निर्धारित समय के अंदर मिलेगा रिफंड
काउंटर टिकट 139 या आईआरसीटीसी के वेबसाइट से कैंसिल होने के बाद आप रिफंड ले सकते हैं. शर्त यह है कि जिस ट्रेन में आपका टिकट है वह ट्रेन अगर शाम 6:01 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे के बीच खुलने वाली है तो आप अगले दिन सुबह काउंटर खुलने के समय सुबह 8-10 बजे के अंदर (पहले 2 घंटे के अंदर) ही रिफंड ले सकते हैं.
ट्रेन खुलने के चार घंटे के अंदर रिफंड
अगर ट्रेन सुबह 6:01 बजे से शाम 6 बजे के बीच की है तो आप ट्रेन खुलने के चार घंटे के अंदर रिफंड ले सकते हैं. इसके बाद आपको रिफंड नहीं मिलेगा. आपको 139 पर उसी मोबाइल से फोन करना होगा, जिसे काउंटर टिकट बुक करने वाले फॉर्म पर लिखा था. फोन करने पर आपसे विकल्प के रूप में 6 नंबर बटन दबाने को कहा जाएगा.
ओटीपी के जरिए मिलेगी सारी सुविधा
बटन दबाते ही कस्टमर केयर एग्जिक्यूटिव फोन पर आपसे पीएनआर और ट्रेन नंबर पूछेगा. इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आएगा. एग्जिक्यूटिव को आप ओटीपी बताएंगे. इसके बाद एसएमएस आएगा कि टिकट कैंसिल हो गया है और इतना पैसा रिफंड मिलेगा. एसएमएस के बाद एग्जिक्यूटिव भी आपको यह जानकारी देगा. इसके बाद निर्धारित समय के अंदर आप आप काउंटर से रिफंड ले सकते हैं.
139 पर एसएमएस कर ऐसे कैंसिल करवाएं टिकट
आप रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से कैपिटल लेटर में कैंसिल लिखें, स्पेस देकर पीएनआर नंबर और फिर स्पेस देकर ट्रेन नंबर लिखें और 139 पर एसएमएस कर दें. आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर ओटीटी (वन टाइम पासवर्ड) आएगा. ओटीपी स्पेस ओपीटी नंबर लिखकर 139 पर एसएमएस कर दें. फिर एसएमएस आएगा कि आपका टिकट कैंसिल हो चुका है. इसके बाद काउंटर से रिफंड ले सकते हैं.
आईआरसीटीसी की वेबसाइट से कैसे करें टिकट कैंसिल
आप आईआरसीटीसी की साइट पर जाएं. वहां आपको यूजर आईडी की जरूरत नहीं. साइट खोलते ही काउंटर टिकट कैंसिल करवाने का विकल्प दिखेगा. उस पर क्लिक करते ही एक पेज खुल जाएगा. यहां आप पीएनआर, ट्रेन नंबर और कैप्चा लिखकर सबमिट करेंगे. इसके बाद आपके मोबाइल पर ओपीटी आएगा. इसे डालते ही आपका टिकट कैंसिल हो जाएगा और आप काउंटर से रिफंड ले सकते हैं.
Comments
Post a Comment