मोबाइल वॉलेट से भी पॉकेटमारी हो सकती है
Image copyrightGETTY IMAGES
स्मार्टफोन पर जब आप मोबाइल वॉलेट इस्तेमाल करते हैं तो उसके ख़तरे भी काफी होते हैं.
कहीं ऐसा न हो कि कोई आपसे जाने अनजाने में पासवर्ड ले ले और आपके बैलेंस को साफ़ कर दे.
देश के सबसे बड़े बैंक, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया ने कहा है कि वो सभी मोबाइल वॉलेट के ऑनलाइन इस्तेमाल और उस पर ऑनलाइन पैसे लोड करने के फीचर को फिलहाल बंद कर रहा है.
मीडियानामा की इस रिपोर्ट के अनुसार ऐसे कई मामले सामने आये हैं जब 'विशिंग' के कारण लोगों के साथ धोखा किया गया.
'विशिंग' कॉल उन्हें कहते हैं जब कोई भी आपके अकाउंट के बारे में जानकारी मांगता है.
Image copyrightTHINKSTOCK
ऐसे कॉल करने वाला अपने आप को बैंक या किसी कंपनी का अधिकारी बताता है, और बातों-बातों में मोबाइल वॉलेट से जुड़े लॉग इन और पासवर्ड ले लेता है.
पासवर्ड मिलते ही उचक्के मोबाइल वॉलेट में पैसे ट्रांसफर कर लेते हैं और फिर उसे दूसरे बैंक अकाउंट में भेज देते हैं.
अब स्टेट बैंक कई वॉलेट कंपनियों से बात कर रही है ताकि उसकी शर्तों को मान कर ही लोग वॉलेट में पैसे ट्रांसफर करें.
इस रिपोर्ट के अनुसार, कुछ इ-कॉमर्स वेबसाइट पर स्टेट बैंक के नेट बैंकिंग से भी पैसे ट्रांसफर करना संभव नहीं है क्योंकि उन्हें ब्लॉक किया गया है.
स्टेट बैंक का ये कदम ये दिखाता है कि ऑनलाइन ट्रांज़ेक्शन करना कई बार ख़तरे से खाली नहीं होता है.
इसलिए, जब भी ऑनलाइन पेमेंट करें, कुछ बातों का ध्यान रखना ज़रूरी है.
Image copyrightISTOCK
अगर पेमेंट मोबाइल ऐप के ज़रिये कर रहे हैं तो एक बार ये ज़रूर सोच लीजिए कि वो सुरक्षित है या नहीं.
ऐप की रेटिंग देख लीजिए और रिव्यु को ज़रूर पढ़ लीजिए.
जो भी वेबसाइट पर आप पैसे ट्रांसफर करने की सोच रहे हैं वो 'https' से शुरू होना चाहिए.
इससे आपके पैसे किसी उचक्के के पास पहुंचने के आसार थोड़े कम हो जाते हैं.
अगर ऐप पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर सकते हैं तो 'कैश ऑन डिलीवरी' विकल्प का इस्तेमाल कीजिए.
ईमेल में अगर प्रमोशनल ऑफर आते हैं तो जिस कंपनी का भी ऑफर है उसी की वेबसाइट पर जाकर उसका फायदा उठाने का सोचिए.
Image copyrightONGO
अगर ऐसे लिंक पर आप अपने बारे में जानकारी देते हैं तो वो जानकारी अक्सर दूसरी कंपनियों के पास जाती है.
कोई भी वेबसाइट, ऐप या कॉल करने वाला अगर आपसे पासवर्ड या लॉग इन की जानकारी मांगता है तो वो उचक्का ही हो सकता है.
सभी बैंक और मोबाइल वॉलेट कंपनियां ये हमेशा कहती हैं कि उनका कोई भी कर्मचारी आपसे पासवर्ड कभी नहीं मांगेगा.
Comments
Post a Comment