मिलिए सबसे कम उम्र की एप डेवलपर से, एप्पल सम्मेलन में हुई शामिल

मिलिए सबसे कम उम्र की एप डेवलपर से, एप्पल सम्मेलन में हुई शामिल

सैन फ्रांसिस्को में डब्ल्यूडब्ल्यूडीसी 2016 में शामिल होने वाली आस्ट्रेलिया की नौ वर्षीय अनविता विजय सबसे कम उम्र की है।

न्यूयॉर्क, (प्रेट्र)। भारतीय मूल की लड़की को एप्पल के डेवलपर सम्मेलन में सबसे कम उम्र की एप डेवलपर होने का सम्मान मिला है। उसने बच्चों के लिए एप तैयार किए हैं।

फॉर्च्यून पत्रिका के मुताबिक, सैन फ्रांसिस्को में डब्ल्यूडब्ल्यूडीसी 2016 में शामिल होने वाली आस्ट्रेलिया की नौ वर्षीय अनविता विजय सबसे कम उम्र की है। उसने आइफोन और आइपैड के लिए कई एप बनाए हैं। वह बच्चों को सिखाने वाले एप विकसित कर रही है।

अनविता ने सम्मेलन के दौरान एप्पल के सीईओ टिम कुक से मिलने की उम्मीद लगाई है। उसने कहा, 'डब्ल्यूडब्ल्यूडीसी में जाना और टिम कुक से मिलना मेरा सपना है।' उसका स्मार्टकिंस एनिमल्स एप बच्चों को 100 विभिन्न जानवरों के नाम और बोली सिखाने में मदद करता है।

इसके बाद उसने बच्चों को रंगों के बारे में बताने वाला एप विकसित किया। अब वह एक और एप पर काम कर रही है। वह एप्पल के स्कॉलरशिप कार्यक्रम के तहत डब्ल्यूडब्ल्यूडीसी में शामिल हो रही है। एप्पल डिवाइस के एप बनाने वाले दुनियाभर के डेवलपरों को सम्मेलन के लिए मुफ्त टिकट दिए जाते हैं।

Comments